देहरादून। उत्तराखंड के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। खेल नीति-2021 के तहत 243 पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नियुक्ति देने का शासनादेश जारी कर दिया गया है। इन खिलाड़ियों को प्रदेश के विभिन्न विभागों में राजपत्रित और अराजपत्रित पदों पर नियुक्ति दी जाएगी।
सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ियों को खेल के साथ अपने भविष्य को सुरक्षित करने का अवसर मिलेगा। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने शासनादेश जारी होने पर प्रदेश के सभी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “खेलेगा युवा तो आगे बढ़ेगा युवा” के संकल्प के साथ खिलाड़ियों के हित में लगातार काम कर रही है।
खेल मंत्री के मुताबिक आउट ऑफ टर्न नियुक्ति पाने वाले 243 खिलाड़ियों में 34 स्वर्ण पदक, 115 रजत पदक और 94 कांस्य पदक विजेता शामिल हैं। इन खिलाड़ियों को खेल एवं युवा कल्याण, गृह, परिवहन, वन, शिक्षा समेत विभिन्न विभागों में समायोजित किया जाएगा।
रेखा आर्या ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाओं के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराना है। इससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा और उन्हें अपने भविष्य की चिंता किए बिना खेल पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के दम पर देश और उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं। ऐसे खिलाड़ियों को सम्मान और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। आउट ऑफ टर्न नियुक्ति की व्यवस्था से खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के साथ ही स्थायी करियर और सुरक्षित भविष्य का अवसर मिलेगा।
खेल मंत्री ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को नियुक्ति के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि प्रदेश के युवा खेल के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।

More Stories
मुख्यमंत्री धामी ने विकास कार्यों को दी रफ्तार, प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क, पुलिया, भवन और सिंचाई परियोजनाओं को मिली मंजूरी
उत्तराखंड में युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए M3M Foundation और कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के बीच MoU पर हस्ताक्षर
नीट यूजी में फर्जीवाड़े का खुलासा, MBBS दाखिले के लिए बनाए फर्जी स्वतंत्रता सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र; 45 लाख रुपये में एडमिशन का सौदा, SIT ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार