पौड़ी मार्ग पर दर्दनाक हादसा,250 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, हरिद्वार के एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत !

पौड़ी मार्ग पर दर्दनाक हादसा,250 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, हरिद्वार के एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत !

07/08/2026/ पौड़ी गढ़वाल //

उत्तराखंड: पौड़ी–देवप्रयाग मार्ग पर भीषण सड़क हादसा

250 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, हरिद्वार के एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत

उत्तराखंड के पौड़ी–देवप्रयाग मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में हरिद्वार के एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसा देवप्रयाग थाना क्षेत्र में कुंडधार के पास हुआ, जहां बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

जानकारी के मुताबिक, आज 7 अगस्त 2026 को करीब 11:30 बजे थाना देवप्रयाग पुलिस को पौड़ी–देवप्रयाग मार्ग पर कुंडधार के पास वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली।

सूचना मिलते ही देवप्रयाग थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

See also  एमडीडीए का अवैध प्लाटिंग और निर्माण पर बड़ा एक्शन, दो स्थानों पर ध्वस्तीकरण, मसूरी मार्ग पर अवैध निर्माण सील

जांच के दौरान सामने आया कि UK08 BL 0387 नंबर की बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में कुल छह लोग सवार थे।

हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ। घायल अरमान, पुत्र अफजल, निवासी रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर, हरिद्वार को रेस्क्यू कर उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा गया है।

हादसे में मृतकों की पहचान:

  • अफजाल पुत्र अकबर सूफी, उम्र 49 वर्ष
  • शब्बो पत्नी अफजाल, उम्र 40 वर्ष
  • अन्नाविया पुत्री अफजाल, उम्र 3 वर्ष
  • शादाब पुत्र अफजल, उम्र 14 वर्ष
  • गुफरान पुत्र अकबर, उम्र 34 वर्ष
See also  उत्तराखंड कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, नई कार्यकारिणी और समितियों का गठन

सभी मृतक रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार के निवासी बताए गए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक अफजाल पौड़ी में ठेकेदारी का कार्य करते थे और अपने परिवार के साथ घूमने के लिए पौड़ी की ओर आ रहे थे। बताया जा रहा है कि हादसे के समय वाहन अफजाल स्वयं चला रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व विभाग और परिवहन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई से मृतकों के शवों को बाहर निकाला। शवों को कब्जे में लेकर पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी पौड़ी तपेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पौड़ी जयपाल नेगी, थानाध्यक्ष देवप्रयाग अमरजीत सिंह रावत, पुलिस टीम, एसडीआरएफ की दो टीमें सहित राजस्व और परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

See also  सामान्य विसंगति वाले नोटिसों का बीएलओ स्तर पर करें निस्तारण: मुख्य निर्वाचन अधिकारी ।

एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की खबर से हरिद्वार, ज्वालापुर, लक्सर और रायपुर जीतपुर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

हादसे की खबर से परिवार और परिचितों में मातम पसरा हुआ है।

फिलहाल पुलिस हादसे की जांच में जुटी है। शुरुआती तौर पर बोलेरो के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने की बात सामने आई है। हादसे ने एक परिवार के पांच लोगों की जिंदगी छीन ली, जबकि एक घायल का अस्पताल में उपचार जारी है।