भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी के बीच जिला प्रशासन अलर्ट, सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश

भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी के बीच जिला प्रशासन अलर्ट, सभी विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी नवीनतम मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद देहरादून में 05 एवं 06 अगस्त को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना व्यक्त करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। संभावित आपदा की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सभी विभागों को पूर्ण सतर्कता बरतने तथा आपदा प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाओं को सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि ऑरेंज अलर्ट की अवधि में पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों पर रोक लगाई जाएगी तथा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन की अनुमति नहीं दी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को न्यूनतम किया जा सके।

See also  सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने वाले अभियुक्तों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

सभी विभागीय अधिकारियों, आपदा प्रबंधन प्रणाली से जुड़े नामित अधिकारियों तथा विभागीय नोडल अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपदा अथवा दुर्घटना की स्थिति में त्वरित स्थलीय कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए संबंधित विभागों के बीच सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान किया जाएगा।

लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तथा अन्य संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी मोटर मार्ग के बाधित होने की स्थिति में उसे तत्काल खोलने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। वहीं नगर निकायों को नालियों एवं कल्वर्टों से अवरोध हटाकर जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

See also  बैरागीवाला हत्याकांड के फरार चल रहे अभियुक्त को दून पुलिस ने हरिद्वार से किया गिरफ्तार

समस्त राजस्व उपनिरीक्षकों, ग्राम विकास अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में उपस्थित रहकर लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा गया है। साथ ही सभी थाना एवं चौकियों को आपदा राहत उपकरणों एवं वायरलेस संचार व्यवस्था के साथ हाई अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मोबाइल फोन हर समय सक्रिय रखने तथा बरसाती, टॉर्च, हेलमेट सहित आवश्यक उपकरण अपने वाहनों में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए हैं कि यदि किसी क्षेत्र में लोग फंसते हैं तो उनके लिए खाद्य सामग्री, पेयजल एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की तत्काल व्यवस्था की जाए। विद्यार्थियों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए विद्यालयों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

See also  पौड़ी मार्ग पर दर्दनाक हादसा,250 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, हरिद्वार के एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत !

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 7534820006, 0135-2720000, 0135-2620006 अथवा टोल फ्री नंबर 1077 पर उपलब्ध कराएं।