36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को मिले नियुक्ति पत्र, 13 बेटियां भी शामिल

36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को मिले नियुक्ति पत्र, 13 बेटियां भी शामिल

  • सीएम धामी ने अधिकारियों को दी नसीहत
  • ईमानदारी और संवेदनशीलता से करें जनसेवा
  • राजस्व मामलों का समयबद्ध निस्तारण करें सुनिश्चित

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियां भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा में चयन के साथ ही उनके कंधों पर जनसेवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी आई है। उनकी सफलता प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके निर्णयों का सीधा संबंध आमजन की भूमि, आजीविका और अधिकारों से होता है। ऐसे में नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का सावधानी और संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान के लिए उसकी जमीन परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। इसलिए प्रत्येक मामले में मानवीय पक्ष को भी ध्यान में रखा जाए।

See also  सीएम धामी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश

उन्होंने अधिकारियों से तहसील में आने वाले लोगों की समस्याएं धैर्यपूर्वक सुनने और उन्हें निर्धारित प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी देने को कहा, ताकि आमजन को अनावश्यक रूप से तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें। पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के दौरान राजस्व अधिकारियों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का सही और समयबद्ध आकलन कर राहत राशि पात्र परिवारों तक जल्द पहुंचाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। अधिकारी किसी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन में आए बिना नियमों और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें।

See also  मेधावी अल्पसंख्यक बालिकाओं को मिलेगी 25 हजार तक की प्रोत्साहन राशि, प्राप्त 416 आवेदनों के सत्यापन को डीएम ने तय की 10 दिन की समयसीमा

मुख्यमंत्री ने सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को कार्यशैली में शामिल करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की पहचान उनके पद से नहीं, बल्कि आमजन को मिलने वाली राहत और उनके प्रति जनता के विश्वास से बनेगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। प्रत्येक नियुक्ति के पीछे किसी युवा की वर्षों की मेहनत और उसके परिवार की उम्मीदें जुड़ी होती हैं। इसलिए अधिकारियों को अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए ईमानदारी और निष्पक्षता से काम करना चाहिए।

See also  भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर निर्णायक कार्रवाई कर रही धामी सरकार

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। राजस्व प्रशासन के जरिए आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाने की सोच के साथ काम करना चाहिए। इस अवसर पर सचिव राजस्व एसएन पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।