सूबे में 2 लाख किसानों को 600 करोड़ ऋण वितरण का लक्ष्य: डॉ धन सिंह रावत

सूबे में 2 लाख किसानों को 600 करोड़ ऋण वितरण का लक्ष्य: डॉ धन सिंह रावत

प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की अध्यक्षता में आज सहस्त्रधारा रोड स्थित नाबार्ड मुख्यालय, देहरादून में सहकारिता विभाग एवं नाबार्ड की समीक्षा बैठक हुई। जिसमें उन्होंने भारत सरकार द्वारा वित्तपोषित योजनाओं की प्रगति, ब्याजमुक्त ऋण वितरण, जिला सहकारी बैंकों के एनपीए, शीर्ष सहकारी संस्थानों की आगामी एजीएम की रूपरेखा तथा सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी विभागीय अधिकारियों से ली।

बैठक में सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि किसानों को सहकारी बैंकों के माध्यम से सरलता एवं सुगमता से ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 1 दिसंबर से प्रदेश के सभी 95 विकासखंडों में सहकारिता ऋण मेलों का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष इन ऋण मेलों के माध्यम से दो लाख किसानों को लाभान्वित करने तथा लगभग 600 करोड़ रुपये का ऋण वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने अधिकारियों को सभी 95 विकासखंडों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने, जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा ऋण वितरण की प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

See also  मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेक प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की

400 करोड़ रुपये के एनपीए की वसूली का लक्ष्य

बैठक में जिला सहकारी बैंकों के एनपीए की स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने एनपीए कम करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैंकों के एनपीए की वसूली के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि लगभग 400 करोड़ रुपये के एनपीए की वसूली का लक्ष्य निर्धारित कर इस दिशा में गंभीरता से कार्य किया जाए।

पूर्व में दिए गए निर्देशों की प्रगति रिपोर्ट तलब

समीक्षा बैठक में डॉ रावत ने पिछली समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित कार्यों की स्टेटस रिपोर्ट भी प्राप्त की। उन्होंने अपर निबंधक, संयुक्त निबंधक एवं उप निबंधक स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने स्तर से जनपदों में प्रत्येक एमपैक्स (MPACS) स्तर पर बैठक आयोजित कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करें।

उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाएं तथा निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट आगामी 7 दिसंबर को प्रस्तुत करें। मंत्री ने कहा कि वह स्वयं 7 दिसंबर को अधिकारियों के साथ समीक्षा कर योजनाओं की प्रगति एवं दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति का आकलन करेंगे।

See also  किसान, युवा और आमजन सरकार की प्राथमिकता, मंगलौर में मुख्यमंत्री धामी ने गिनाईं विकास की उपलब्धियां

बैठक में अपर निबंधक श्रीमती ईरा उप्रेती ने विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत करते हुए प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, पैक्स (PACS), कॉमन सर्विस सेंटर तथा प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्रों की जनपदवार स्थित से अवगत कराया।

जनपदवार ऋण वितरण की समीक्षा में चमोली 63 प्रतिशत उपलब्धि के साथ आगे

बैठक में प्रदेशभर में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष ऋण वितरण की जनपदवार प्रगति प्रस्तुत की गई। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार चमोली जनपद ने 63 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। इसके अलावा ऊधमसिंह नगर में 52 प्रतिशत, अल्मोड़ा में 50 प्रतिशत, हरिद्वार में 49 प्रतिशत, पौड़ी गढ़वाल में 46 प्रतिशत, उत्तरकाशी में 43 प्रतिशत तथा देहरादून में 32.72 प्रतिशत ऋण वितरण की उपलब्धि दर्ज की गई।

दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना की भी हुई समीक्षा

बैठक में दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के अंतर्गत शून्य प्रतिशत ब्याज पर दिए जाने वाले अल्पकालीन ऋण वितरण की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही योजना के अंतर्गत मध्यकालीन ऋण वितरण की जनपदवार स्थिति भी मंत्री के समक्ष रखी गई।

See also  मेधावी अल्पसंख्यक बालिकाओं को मिलेगी 25 हजार तक की प्रोत्साहन राशि, प्राप्त 416 आवेदनों के सत्यापन को डीएम ने तय की 10 दिन की समयसीमा

मध्यकालीन ऋण वितरण में पिथौरागढ़ जनपद ने 72 प्रतिशत, चमोली ने 65 प्रतिशत, नैनीताल ने 64 प्रतिशत, उत्तरकाशी ने 56 प्रतिशत, चंपावत ने 53 प्रतिशत तथा ऊधमसिंह नगर ने 52 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। वहीं रुद्रप्रयाग जनपद में 43.34 प्रतिशत ऋण वितरण की उपलब्धि दर्ज की गई।

बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार कुल 37,271 करोड़ रुपये के निर्धारित ऋण वितरण लक्ष्य के सापेक्ष 19,623.89 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है। इस प्रकार प्रदेश में लगभग 52 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया है।

बैठक में जिला सहकारी बैंक टिहरी के अध्यक्ष सुभाष रमोला, नाबार्ड के महाप्रबंधक पंकज यादव, अपर निबंधक ईरा उप्रेती एवं आनंद शुक्ल, संयुक्त निबंधक एम.पी. त्रिपाठी एवं रविंद्री मंदरवाल, प्रबंध निदेशक राज्य सहकारी बैंक प्रदीप मेहरोत्रा, उप निबंधक राजेश चौहान, नाबार्ड के डीजीएम भूपेंद्र कुमार, रविदास सहित विभाग एवं नाबार्ड के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।